कांग्रेस कार्यालय घेराव के विरोध में धरना, नामजद एफआईआर की मांग

मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित घेराव और अराजकता के विरोध में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने धरना शुरू कर दिया। धरने का नेतृत्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने किया, जबकि जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल ने अध्यक्षता की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के आसपास पहुंचकर पार्टी नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। कांग्रेस का दावा है कि कुछ लोग लाठी-डंडे और पत्थरों के साथ पहुंचे थे, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बनी। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक असहिष्णुता बताते हुए पुलिस प्रशासन से मामले में नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

Advertisement

कांग्रेस नेताओं ने एसीपी कोतवाली को तहरीर देकर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमन सोनकर, महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल समेत घेराव में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर निष्पक्ष जांच की जाए।कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी राजनीतिक दल के कार्यालय का घेराव कर अभद्रता या अराजकता फैलाना स्वीकार्य नहीं है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह भाजपा कार्यालय का घेराव कर सकती है, लेकिन गांधीवादी परंपरा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के कारण ऐसा नहीं करेगी।

Advertisement

कांग्रेस नेताओं ने ऐलान किया कि एफआईआर दर्ज होने और दोषियों पर कार्रवाई होने तक धरना जारी रहेगा। कार्रवाई नहीं होने पर धरने को अनिश्चितकालीन करने और आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाने की चेतावनी दी गई। नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ी तो प्रधानमंत्री कार्यालय के समक्ष भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

Advertisement

धरने में प्रजानाथ शर्मा, संजीव सिंह, मयंक चौबे, चंचल शर्मा, ऋषभ पांडेय, गुलशन अंसारी, रमजान अली, असलम खान, मनींद्र मिश्रा, हाजी वकाश अंसारी, सतनाम सिंह, धीरज सोनकर, रोहित दुबे, आशीष केशरी, विपिन मेहता समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। कांग्रेस ने प्रशासन से पार्टी कार्यालय और कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की।


Post a Comment

Previous Post Next Post