गोबर विवाद के बाद बढ़ा तनाव, रमना में ग्राम प्रधानों की बैठक; सोशल मीडिया टिप्पणी पर मुकदमे की मांग

स्वामी जी की कुटिया और गौ माता को लेकर कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया टिप्पणी के मामले में विवाद बढ़ता जा रहा है। शनिवार को ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल के नेतृत्व में रमना स्वास्थ्य केंद्र पर विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग उठी।

बताया गया कि रास्ते पर गिरे गोबर को लेकर शुरू हुआ विवाद सोशल मीडिया पर कथित टिप्पणियों तक पहुंच गया। इससे पहले सीर गोवर्धनपुर के लोगों की ओर से रमना ग्राम प्रधानपति अमित पटेल के खिलाफ तहरीर दी गई थी। इसकी जानकारी के बाद ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि समेत कई ग्राम प्रधान रमना पहुंचे और मामले को लेकर चर्चा की।

बैठक में मौजूद लोगों ने सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवेश पटेल ने कहा कि ग्राम प्रधान की ओर से सोशल मीडिया पर माफी मांगने के बाद भी उनके खिलाफ लगातार टिप्पणियां किया जाना सवाल खड़ा करता है।

वहीं, अमित पटेल ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की थी। लोगों की आपत्ति के बाद उन्होंने माफी मांगते हुए स्पष्ट किया था कि उनकी किसी बात से किसी को ठेस पहुंची हो तो वह क्षमा चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हैं। अमित पटेल ने पार्षद राम सिंह उर्फ कल्लू पर धमकी देने का भी आरोप लगाया।



Post a Comment

Previous Post Next Post