संत रविदास मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव और सीवर की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। आरोप है कि 29 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा के दौरान नगर निगम ने आनन-फानन में जल निकासी की व्यवस्था की थी, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद से सड़क पर फिर सीवर का पानी जमा है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। जल निकासी के लिए मौके पर जनरेटर तो खड़ा है, लेकिन नियमित रूप से नहीं चलाया जाता। जलभराव के चलते सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
समस्या के विरोध में सपा नेता अमन यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीवर के पानी में नहाकर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
इस दौरान लाल बहादुर यादव, रवि यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अमन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान कुछ घंटों के लिए व्यवस्था दुरुस्त करना पर्याप्त नहीं है। जनता को पूरे वर्ष स्वच्छ सड़क और बेहतर जल निकासी की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



