गंगा के जलस्तर में छह दिनों तक लगातार गिरावट के बाद शनिवार से एक बार फिर धीमी गति से बढ़ाव शुरू हो गया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार शनिवार को वाराणसी में गंगा का जलस्तर 68.02 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर करीब 0.5 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। आयोग ने अगले 24 घंटे तक जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना जताई है।
गंगा का पानी करीब एक महीने से घाटों की सीढ़ियों को डुबोए हुए है। वहीं, नाव संचालन प्रभावित होने से नाविकों के सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है। नाविकों का कहना है कि करीब 25 दिनों से नावों का संचालन बंद है, जिससे उनकी आमदनी पूरी तरह ठप हो गई है।
उधर, मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। बादलों की आवाजाही के साथ रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। ऐसे में गंगा के जलस्तर में दोबारा बढ़ाव ने तटवर्ती इलाकों और नाविकों की चिंता बढ़ा दी है।



