‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आदित्य नगर पार्क में पौधरोपण, राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने रोपा पौधा

वाराणसी। प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 95वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आदित्य नगर पार्क में पौधरोपण अभियान चलाया गया। पार्क में सघन वन विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित अभियान में बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए।पर्यावरणविद् एवं सृजन सामाजिक विकास न्यास तथा गंगा हरितिमा अभियान (उत्तर प्रदेश) के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में नगर निगम से पार्क को गोद लेकर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आम, अमरूद, आंवला, बेल, नींबू और महुआ सहित विभिन्न फलदार पौधे लगाए गए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे। उनकी मौजूदगी में गणमान्य नागरिकों, सीआरपीएफ जवानों और कार्यकर्ताओं को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इसके बाद राज्य मंत्री ने स्वयं पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता की।

काशी को हरा-भरा बनाने का संकल्प

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे 95वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर ने ग्रामवासियों, सृजन संस्था के सदस्यों और सीआरपीएफ जवानों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लोगों से काशी को हरा-भरा, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लगातार पौधरोपण करने की अपील की।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रोहित सिंह, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, पार्षद सुरेश पटेल ‘गुड्डू’, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सौरभ पटेल, रितेश राय, श्रेयांश वलोरा, सोम (बीएचयू), मनोज कुमार, प्रवीण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। नगर निगम के माली कर्मचारियों ने भी अभियान में सहभागिता की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सीआरपीएफ की ओर से प्रवीण सिंह एवं उनकी टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ‘स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी’ का संकल्प लिया।


Post a Comment

Previous Post Next Post