वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा जांच के दौरान लाइसेंसी हथियार से गोली चलने की घटना के बाद अब यात्रियों के हथियारों की जांच सामान्य स्क्रीनिंग क्षेत्र से अलग विशेष केबिन में किए जाने की व्यवस्था बनाई जा रही है।

दरअसल, हाल ही में एयरपोर्ट पर हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई थी। इस घटना में दो स्क्रीनर घायल हो गए थे। इसके बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और हथियारों की जांच के लिए अलग स्थान निर्धारित करने की योजना बनाई गई।
नई व्यवस्था के तहत हथियार लेकर एयरपोर्ट पहुंचने वाले यात्रियों की जांच सामान्य यात्रियों से अलग विशेष केबिन में की जाएगी। इससे हथियारों की स्क्रीनिंग के दौरान किसी आकस्मिक घटना की स्थिति में अन्य यात्रियों और सुरक्षा कर्मियों को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
अलग केबिन में जांच होने से हथियारों की स्क्रीनिंग अधिक नियंत्रित और सुरक्षित तरीके से किए जाने की उम्मीद है। एयरपोर्ट पर हथियार लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्धारित नियमों और सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य होगा।एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे इन बदलावों का उद्देश्य यात्रियों के साथ-साथ सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।