उत्तराखंड में मौसम बिगड़ा, भारी बारिश के बीच भागीरथी का जलस्तर बढ़ा

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून सक्रिय है और कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को देहरादून, टिहरी, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। इस बीच उत्तरकाशी के भटवाड़ी तहसील क्षेत्र में अतिवृष्टि के कारण घटू गाड़ में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया, जिससे भागीरथी नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और मनेरी बांध परियोजना प्रबंधन को सतर्क कर दिया है। 

फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। मौसम विभाग ने ऊधमसिंहनगर में भी आकाशीय बिजली को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। लगातार बारिश के मद्देनजर प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर निगरानी बढ़ा दी है। देहरादून के सहस्रधारा, मालदेवता और गुच्चूपानी जैसे क्षेत्रों में कैमरों के जरिए रियल टाइम निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल मिल सके।

Advertisement

Advertisement

Advertisement






Post a Comment

Previous Post Next Post