कूड़ा गाड़ी और टोटो की टक्कर में महिला गंभीर घायल: एंबुलेंस को रास्ता देने में हुआ हादसा, पैर टोटो और डिवाइडर के बीच फंसा

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में शनिवार को एंबुलेंस को रास्ता देने के दौरान नगर निगम की कूड़ा गाड़ी और टोटो में टक्कर हो गई। हादसे में टोटो सवार सब्जी विक्रेता महिला शीला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका पैर टोटो और डिवाइडर के बीच फंस गया। आसपास के लोगों ने महिला को बाहर निकालकर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। टोटो में पांच महिलाएं सवार थीं, जिनमें अन्य सभी सुरक्षित हैं।

शीला टिकली, चितईपुर की रहने वाली है। वह सुंदरपुर से सब्जी लेकर अपने गांव लौट रही थी। इसी दौरान सुंदरपुर-नदिया मार्ग पर नगर निगम की कूड़ा गाड़ी भी वहां से गुजर रही थी। बताया गया कि इसी दौरान सड़क पर एंबुलेंस आ गई। उसे रास्ता देने के प्रयास में कूड़ा गाड़ी चालक ने वाहन को डिवाइडर की ओर कर दिया। तभी बगल से गुजर रहे टोटो से कूड़ा गाड़ी की टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद टोटो और डिवाइडर के बीच फंसा पैर

Advertisement
टक्कर लगने के बाद टोटो असंतुलित हो गया। इसी दौरान शीला का पैर टोटो और डिवाइडर के बीच फंस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को बाहर निकाला और तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।नगर निगम की कूड़ा गाड़ी का नंबर UP 65 KT 1072 बताया गया है।

डॉक्टरों ने बताया- पैर दोबारा जोड़ना संभव नहीं

Advertisement
ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने शीला की जांच और एक्स-रे किया। परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया कि पैर में गंभीर चोट के कारण उसे दोबारा जोड़ना संभव नहीं है। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तत्काल एक यूनिट ब्लड भी चढ़ाया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है।

परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर

Advertisement
शीला के पिता कर्मन बिंद मंगला वाटिका में मजदूरी करते हैं। परिवार में तीन भाई और चार बहनें हैं। परिजनों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। परिवार में एक लड़की और एक लड़के की शादी भी होनी है। ऐसे में शीला के इलाज का खर्च उठाना परिवार के लिए मुश्किल है।परिजनों ने प्रशासन से शीला के इलाज में आर्थिक मदद की मांग की है। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। 
Advertisement


Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post