बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में मंगलवार को 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने गुब्बारे उड़ाकर और दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगी।
उद्घाटन मुकाबला बरेका के अर्जुन यादव और उत्तर रेलवे के दिनेश के बीच फ्री स्टाइल के 69 किलोग्राम भार वर्ग में हुआ, जिसमें अर्जुन यादव ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे, मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे समेत भारतीय रेल की कुल 13 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता में फ्री स्टाइल और ग्रीको-रोमन के विभिन्न भार वर्गों में पहलवान अपना दमखम दिखा रहे हैं। मुकाबलों के दौरान पहलवानों के शानदार दांव-पेच ने कुश्ती केंद्र में रोमांच पैदा कर दिया। उद्घाटन अवसर पर बरेका के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक, विभिन्न रेलवे टीमों के खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।


