वाराणसी के नमो घाट पर 25 अक्तूबर को इंडियन एयरफोर्स एरियल डिस्प्ले-2026 का आयोजन होगा। इस एयर शो में भारतीय वायुसेना के विमानों का शानदार हवाई प्रदर्शन देखने को मिलेगा। आयोजन के दौरान 1965 और 1971 के युद्ध से लेकर कारगिल संघर्ष के ऑपरेशन सफेद सागर तक वायुसेना की गौरवशाली परिचालन विरासत की झलक दिखाई जाएगी। कार्यक्रम में करीब 20 लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है।
एयर डिस्प्ले के जरिए भारतीय वायुसेना की सटीकता, पेशेवर दक्षता और आपसी समन्वय का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही मध्य वायु कमान की छह दशक से अधिक पुरानी विरासत और देश के लिए निभाई गई जिम्मेदारियों को भी लोगों के सामने रखा जाएगा। वायुसेना के युद्ध अभियानों के अलावा मानवीय सहायता, आपदा राहत और संकट के समय नागरिक प्रशासन को दिए गए सहयोग की जानकारी भी कार्यक्रम के माध्यम से दी जाएगी।
नमो घाट पर होने वाला यह एयर शो युवाओं को भारतीय वायुसेना की विभिन्न भूमिकाओं और क्षमताओं से परिचित कराने का भी माध्यम बनेगा। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। दर्शक क्षेत्र, हवाई प्रदर्शन का समय, ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएगी। रक्षा मंत्रालय ने लोगों से कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने की अपील की है।


