चौरी-चौरा से वाराणसी पहुंची जेन-जी कनेक्ट साइकिल यात्रा के दौरान काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय के गेट पर जमकर हंगामा हुआ। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के नेतृत्व में साइकिल यात्री काशी विद्यापीठ पहुंचे थे, जहां पुलिस ने परिसर में कार्यक्रम की अनुमति न होने का हवाला देकर उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इससे आक्रोशित युवाओं ने गेट पर नारेबाजी शुरू कर दी और पुलिस से नोकझोंक हो गई। इसी दौरान कैंपस के अंदर से छात्रों पर पानी और स्याही फेंकी गई, वहीं अंदर मौजूद ABVP कार्यकर्ता भी नारेबाजी करते रहे।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा और ABVP के साथ मिलकर पुलिस उन्हें रोक रही है और उत्पीड़न कर रही है। गेट में घुसने की कई कोशिशें नाकाम होने पर कई कार्यकर्ता गेट पर ही बैठकर प्रदर्शन करने लगे। करीब एक घंटे की रस्साकशी के बाद सभी कार्यकर्ता BHU की ओर रवाना हो गए। मौके पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे समेत कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।
NSUI अध्यक्ष वरुण चौधरी ने कहा कि PM मोदी देशभर के छात्रों से माफी मांगें, वरना घर-घर जाकर माफी मंगवानी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि यह यात्रा शिक्षा, रोजगार और भर्ती व्यवस्था से जुड़ी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर निकाली गई है, जो 42 जिलों से होते हुए 2 अक्टूबर को लखनऊ में महाएकता प्रदर्शन के साथ समाप्त होगी। यात्रा के दौरान 75 जिलों में 1000 से अधिक विश्वविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के पास नुक्कड़ सभाएं और संवाद कार्यक्रम किए जाएंगे।


