काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पंडित ओंकारनाथ ठाकुर प्रेक्षागृह में शनिवार को ‘GEN Z चौपाल’ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में जंतर-मंतर आंदोलन से जुड़े नेता मनीष और नेहा ने बीएचयू के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। बड़ी संख्या में छात्रों की मौजूदगी को देखते हुए प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ लंका थाना और भेलूपुर क्षेत्र के एसीपी गौरव कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।
संवाद के दौरान नेहा ने छात्रों की समस्याओं को उठाते हुए बढ़ती फीस, पेपर लीक, हॉस्टल में आरक्षण, सीटों की कमी, छात्रवृत्ति और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ‘GEN Z महाजुटान यात्रा’ प्रयागराज से चलकर वाराणसी पहुंची है, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के विद्यार्थियों की मांगों को सामने लाना है।
उन्होंने प्राथमिक शिक्षकों की नियुक्ति में लंबे समय से बने बैकलॉग का मुद्दा उठाते हुए सरकार से कम से कम 60 हजार पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने और पुराने बैकलॉग को जल्द पूरा करने की मांग की। साथ ही परीक्षा से पहले नियमावली और पैटर्न में बदलाव को लेकर छात्रों को पर्याप्त समय देने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं का समाधान संवाद और ठोस कार्रवाई के जरिए किया जाना चाहिए।


