वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने अगस्त महीने की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन किया है। पुलिस 50 KPI पर आधारित रैंकिंग में 22 मानकों पर प्रथम और छह मानकों में टॉप-5 में रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि साप्ताहिक समीक्षा और पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन की लगातार निगरानी से संभव हुई।
महिला अपराध से जुड़े हत्या, दुष्कर्म, अपहरण और दहेज हत्या के मामलों में विवेचना निस्तारण और आरोपितों पर 100 प्रतिशत कार्रवाई में वाराणसी को प्रदेश में पहला स्थान मिला। इसके अलावा एससी/एसटी एक्ट, गोवध निवारण, आबकारी, गैंगस्टर और गुंडा अधिनियम में भी कमिश्नरेट पुलिस ने प्रथम स्थान हासिल किया।
डायल-112 में अगस्त का औसत रिस्पांस टाइम 4.90 मिनट रहा और 20,191 मामलों में 10 मिनट के भीतर पुलिस ने प्रतिक्रिया दी। वहीं गैंगस्टर मामलों में 98 और 99.47 प्रतिशत कार्रवाई हुई। तीनों जोन में 93.71 प्रतिशत जांच का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हुआ। 2023-24 में करीब 70वें स्थान पर रही वाराणसी पुलिस अब लगातार टॉप-5 में जगह बना रही है।


