बैंककर्मियों की तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल 28 सितंबर से शुरू होगी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक बैंककर्मी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर रहेंगे। इसके चलते बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है।
हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों की परेशानी कम करने के लिए 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। वहीं, 26 सितंबर को शनिवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। बैंकों की ओर से रविवार को शाखाएं खुलने की जानकारी ग्राहकों को मोबाइल संदेश के जरिए भी दी जा रही है।
यूएफबीयू की ओर से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था समेत कई मांगें उठाई गई हैं। बैंककर्मियों की हड़ताल और साप्ताहिक अवकाश को देखते हुए बैंकों ने ग्राहकों से जरूरी काम पहले ही निपटाने की अपील की है। हालांकि हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।


