श्री काशी विद्या मंदिर में गणपति आराधना के साथ बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, भजन और देशभक्ति गीतों से गूंजा परिसर

मछोदरी स्थित श्री काशी विद्या मंदिर में चल रहे श्रीकाशी विश्वनाथ गणपति महोत्सव में बुधवार को भक्ति, संस्कार और बच्चों की प्रतिभा का सुंदर संगम देखने को मिला। सुबह से ही गणपति आराधना से पूरा परिसर भक्तिमय रहा। सुबह 10 बजे विधि-विधान से सहस्त्रदुर्वाचन पूजन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश का पूजन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।

पूजन के बाद आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। शाम 4:30 बजे सुलेख एवं स्मृति प्रतियोगिता में बच्चों ने सुंदर लेखन के साथ अपनी एकाग्रता और स्मरण शक्ति का परिचय दिया। इसके बाद शाम 6 बजे देशभक्ति एवं भजन गीत प्रतियोगिता आयोजित हुई। बच्चों ने देशप्रेम से ओत-प्रोत गीतों और मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों से पूरा परिसर तालियों और जयघोष से गूंज उठा।

आयोजकों ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, भारतीय संस्कारों से जुड़ने और रचनात्मक गतिविधियों में सहभागिता का अवसर देना है। आयोजन में महोत्सव के संस्थापक रामचरण एवं किरन यादव, वंदिता यादव, डॉली चौरसिया, ज्योति गुजराती, रेनू तिवारी, संध्या मिश्रा, जानकी केशरी और नितिन भारद्वाज की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संयोजन प्रदीप मेहरोत्रा ने किया।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post