सुंदरपुर क्षेत्र में भोर के समय सड़क दुर्घटना में घायल अभिषेक यादव के परिजनों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। इस संबंध में अभिषेक के भाई अमित यादव ने शिकायत कर अस्पताल के कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, दुर्घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने अभिषेक को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां कर्मचारियों ने सिटी स्कैन मशीन खराब होने की बात कहकर सर सुंदरलाल अस्पताल में सिटी स्कैन कराने को कहा। परिजन भोर करीब चार बजे सिटी स्कैन कराने के बाद रिपोर्ट लेकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। आरोप है कि करीब दो घंटे तक मरीज को स्ट्रेचर पर रखने के बावजूद किसी चिकित्सक या कर्मचारी ने उसका उपचार नहीं किया।
अमित यादव का आरोप है कि इलाज के लिए इंतजार के दौरान उनके मित्र सन्नी केशरी भी अस्पताल पहुंचे। वहां मौजूद बिना नेम प्लेट वाले सुरक्षा गार्ड पर मरीज के परिजनों से अभद्र भाषा का प्रयोग करने और इलाज कराने से मना करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मरीज को मलहम-पट्टी या आवश्यक दवा तक नहीं दी गई।
परिजनों का कहना है कि कई घंटे इंतजार के बाद जब उपचार नहीं मिला तो मरीज की स्थिति को देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल ले जाकर इलाज कराया गया। अमित यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार से मामले की जांच कर जिम्मेदार अस्पताल कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी मरीज को आकस्मिक स्थिति में उपचार से वंचित न होना पड़े।


