गुरुबाग स्थित गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कॉलेज में बुधवार को गंगा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। 137 सीईटीएफ 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स एवं नमामि गंगे गंगा विचार मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को गंगा को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार धनेश यादव और नमामि गंगे के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है कि वह अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखे। उन्होंने छात्राओं से घर से ही कचरा प्रबंधन शुरू करने तथा निर्माल्य, पॉलीथिन और कपड़ों को गंगा में न डालने का आग्रह किया।
विद्यालय की प्राचार्य सुमेधा सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संवाद सत्र के बाद हुई प्रश्नोत्तरी में छात्राओं ने गंगा के उद्गम से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए। विजेता छात्राओं को नमामि गंगे की टी-शर्ट, टोपी और पौधे भेंट किए गए। शिक्षिकाओं के बीच औषधीय पौधों का वितरण किया गया, जबकि विद्यालय परिसर में हल्दी के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम समन्वयक लक्ष्मी पाठक, जय विश्वकर्मा और चारुशिला सिन्हा के साथ विद्यालय प्रबंधन की ओर से किरण शुक्ला, मृदुला राय, किरण खन्ना, मृदुला नौटियाल, राजेश राय, कोमल चौरसिया सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


