ठठेरी बाजार स्थित शेरवाली कोठी में सोमवार को श्रीकाशी मराठा गणेश उत्सव समिति की ओर से पांच दिवसीय श्रीगणेश उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा की प्रतिमूर्ति की स्थापना के साथ मराठी परंपरा के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना की गई। उत्सव के शुभारंभ अवसर पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।कार्यक्रम में आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। समिति की ओर से उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्होंने गणेश प्रतिमूर्ति के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और महाआरती में शामिल होकर भगवान गणेश की आरती उतारी। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं और काशीवासियों को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं।
उत्सव स्थल पर भगवान गणेश की करीब छह फीट ऊंची प्रतिमूर्ति आकर्षण का केंद्र बनी रही। समिति के अनुसार प्रतिमूर्ति मिट्टी और प्राकृतिक रंगों से तैयार की गई है। आयोजन स्थल को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारों के साथ उत्सव में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
पांच दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उत्सव में मराठी परंपरा की झलक के साथ भजन, बच्चों की प्रतियोगिताएं, चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिता सहित विविध आयोजन किए जाएंगे। 17 सितंबर को हल्दी-कुमकुम, झांकी और छत्रपति शिवाजी महाराज सम्मान समारोह होगा। 18 सितंबर को सुबह महाआरती के बाद दोपहर 12 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें महाराष्ट्र से आया 80 सदस्यीय दल विशेष प्रस्तुति देगा। इसके बाद गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं से पांच दिवसीय गणेश उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने की अपील की।


