प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर उनके संसदीय क्षेत्र काशी में गुरुवार सुबह विशेष आयोजन किया गया। अहिल्याबाई घाट पर विप्र समाज के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में 76 बटुक ब्राह्मणों ने पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना की। श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम और शास्त्रार्थ महाविद्यालय के बटुकों ने आचार्य उदित नारायण मिश्र के नेतृत्व में 76 लीटर केसर जल और दूध से मां गंगा का अभिषेक किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ डमरू वादन और शंखनाद हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने पीएम मोदी को आस्था और सांस्कृतिक धरोहर का शिल्पी बताया। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जयंती पर उन्हें आधुनिक भारत का शिल्पी कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी। संयोजक डॉ. पवन शुक्ला ने कहा कि पीएम मोदी के प्रयासों से काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और घाटों के सौंदर्यीकरण के जरिए काशी का स्वरूप बदला है।
वहीं, नमामि गंगे की ओर से सामने घाट पर मां गंगा को 76 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई गई। कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना की। कार्यक्रम में 'बार-बार ये दिन आए' गीत गूंजा और 'शांताकारं भुजगशयनम' सहित वैदिक मंत्रों का पाठ हुआ। गंगा आरती के बाद मिठाई बांटी गई और भारत माता की जय के जयकारे लगाए गए।


