श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर काशी और मथुरा के बीच आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम से भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए विशेष उपहार सामग्री श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा भेजी गई। 2 सितंबर को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव के समक्ष उपहार सामग्री का विधि-विधान से पूजन कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद सामग्री को भगवान शिव को समर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया और इसके बाद श्रद्धापूर्वक मथुरा के लिए रवाना किया गया।
यह परंपरा वर्ष 2024 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुरू की गई थी। इसके बाद रंगभरी एकादशी पर भी काशी और मथुरा के बीच भेंट एवं श्रद्धा संदेशों का आदान-प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य देश के प्रमुख तीर्थों के बीच आध्यात्मिक संवाद, सांस्कृतिक समन्वय और आपसी श्रद्धा को मजबूत करना है।
इस वर्ष इस पहल को और विस्तार दिया गया है। मंदिर न्यास की ओर से संस्थागत नॉलेज पार्टनर ‘टेम्पल कनेक्ट’ के सहयोग से करीब 15 देशों के 100 से अधिक देवालयों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभकामना संदेश प्राप्त किए गए हैं। इन संदेशों को भी भेंट सामग्री के साथ श्रीकृष्ण जन्मस्थान न्यास को भेजा गया है।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी स्वयं मथुरा में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल होंगे। मंदिर न्यास का कहना है कि काशी और मथुरा के बीच शुरू हुई यह परंपरा सनातन संस्कृति में एकता, संवाद और सहभक्ति का संदेश दे रही है।


