लगातार हो रही बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर ने वाराणसी में मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को पूरे दिन बारिश का अलर्ट जारी किया है। रात करीब 2 बजे से हो रही बारिश के बीच सुबह तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, अगले 48 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मंगलवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 70.27 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु के पार पहुंच चुका है और अब खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। गंगा का पानी शीतला माता मंदिर के पास पहुंचने लगा है, जबकि जल पुलिस कमिश्नरेट परिसर में भी पानी भर गया है।
लगातार बढ़ते जलस्तर का असर गंगा पर निर्भर नाविकों और पंडितों पर भी पड़ रहा है। करीब सवा महीने से नावों का संचालन बंद होने के कारण नाविकों के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। नाविकों का कहना है कि उनकी परेशानी की ओर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का पर्याप्त ध्यान नहीं है।वहीं, इस बार अगस्त में वाराणसी में 35 साल बाद सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।



