नारायणी विहार में जलभराव से हाहाकार, घरों में घुसा बारिश का पानी, नगर निगम से तत्काल जलनिकासी की मांग

चितईपुर थाना क्षेत्र की नारायणी विहार कॉलोनी में लगातार हो रही बारिश के चलते जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पिछले करीब एक सप्ताह से कॉलोनी की सड़कें पानी में डूबी हैं और कई लोगों के घरों तक बारिश का पानी पहुंच गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है।कॉलोनीवासियों के अनुसार जगह-जगह पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित है। लंबे समय से जमा पानी के कारण बदबू फैलने लगी है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। लोगों को संक्रमण और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा सता रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

स्थानीय निवासी प्रभादेवी ने बताया कि चारों ओर पानी जमा होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद श्याम भूषण शर्मा से भी समस्या के समाधान की मांग की। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उन्हें अपेक्षित मदद नहीं मिली, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

जलभराव से परेशान लोगों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों से तत्काल जलनिकासी, जमा पानी की सफाई और मच्छररोधी दवा के छिड़काव की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से उन्हें बार-बार परेशानी झेलनी पड़ती है।




Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post