भेलूपुर स्थित इस्कॉन मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। आकर्षक रोशनी, फूलों की सजावट और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियों से सजा मंदिर परिसर भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और पूरा परिसर ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ के जयघोष से गूंजता रहा।
जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोकुल और वृंदावन से जुड़े प्रसंगों पर आधारित झांकियां सजाई गईं। इसके साथ ही विशेष पूजा-अर्चना, हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।
मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य के समय घंटा-घड़ियाल और शंखनाद के बीच ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। इसके बाद विशेष आरती और पूजा-अर्चना की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर प्रबंधन की ओर से दर्शन, श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रमों के संचालन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिभाव और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर रहा।


