राधा-कृष्ण की झांकियों से सजी काशी, भव्य शोभायात्रा के साथ जन्माष्टमी महोत्सव शुरू

हरे कृष्ण हरे राम संकीर्तन सोसाइटी की ओर से तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी से निकली शोभायात्रा में श्री लड्डू गोपाल, श्री जगन्नाथ जी, बलदेव जी और सुभद्रा माता के विग्रह शामिल रहे। भक्त हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन करते हुए नाचते-झूमते चल रहे थे।

शोभायात्रा में के.एल. मेमोरियल स्कूल, निराला नगर के छात्र सामाजिक और धार्मिक संदेशों की पट्टियां लेकर शामिल हुए। तिरंगे के साथ भारत माता और श्री राधा-कृष्ण की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। माहेश्वरी भवन, महमूरगंज पहुंचने पर आरती के बाद भगवान के विग्रहों को तीन दिनों के लिए यहां स्थापित किया गया।

शाम को तुलसी महारानी, चैतन्य महाप्रभु और भगवान नृसिंह की आरती के बाद हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन हुआ। भक्तों ने राधा-कृष्ण की भक्ति से जुड़े भजनों पर नृत्य किया। नृत्य-नाटिका की मनमोहक प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

सोसाइटी के मीडिया प्रवक्ता गुरु प्रसाद प्रभु ने बताया कि शुक्रवार को जन्माष्टमी महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम होंगे। रात 10:30 बजे श्रद्धालुओं द्वारा श्री लड्डू गोपाल का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद 108 व्यंजनों का भोग अर्पित होगा और मध्यरात्रि 12 बजे भगवान की महाआरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post