नई दिल्ली। काशी के प्रथम सांसद एवं जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वर्गीय डॉ. रघुनाथ सिंह की स्मृति में नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में ‘काशी-रत्न सम्मान 2026’ समारोह का आयोजन किया गया। सी.सी.आर.टी., संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं स्वरात्मिका फाउंडेशन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में डॉ. रघुनाथ सिंह के योगदान को विशेष रूप से स्मरण किया गया।
समारोह में ‘स्वर्गीय डॉ. रघुनाथ सिंह काशी-रत्न सम्मान’ के माध्यम से काशी के प्रथम सांसद के सार्वजनिक जीवन और समाज के प्रति उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इसके साथ ही स्वर्गीय ‘लोकबंधु’ राजनारायण जी के नाम पर काशी-रत्न सम्मान तथा पद्मश्री अशोक भगत को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में काशी की समृद्ध परंपरा, संस्कृति, समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। समारोह के साथ ‘स्वरात्मिका संगीत महोत्सव’ का भी आयोजन हुआ, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।
कार्यक्रम के संरक्षक राजगुरुमठ, काशी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अनन्तानन्द सरस्वती रहे। स्वरात्मिका फाउंडेशन ट्रस्ट की संस्थापक-निदेशक डॉ. एस.आर.के. राय शर्मा (डॉ. श्वेता) ने आयोजन की रूपरेखा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में वक्ताओं ने डॉ. रघुनाथ सिंह के सार्वजनिक जीवन और काशी के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके नाम पर सम्मान समारोह आयोजित करना नई पीढ़ी को काशी की सेवा और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देने वाला कदम है।


