वाराणसी में छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के 20 दिन बाद मुख्य आरोपी विवेक चौबे को राजातालाब पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 5 बजे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जगतदेवपुर की ओर जाने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो विवेक भागने लगा और पुलिस पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वजह और वारदात का पूरा घटनाक्रम कबूल किया। एडीसीपी राजातालाब नृपेंद्र कुमार के मुताबिक, आरोपी युवती की शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज था। युवती लगातार शादी से इनकार कर रही थी और उस पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। इसके बाद उसने अपने दोस्त पुनीत मिश्रा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई, छात्रा को कमरे पर बुलाकर हत्या कर दी और शव को कमरे में बंद कर दोनों फरार हो गए।
इस हत्याकांड की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी थीं। इससे पहले पुलिस आरोपी के दोस्त पुनीत मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी विवेक चौबे पुत्र राम सहाय चौबे की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


