वाराणसी के फूलपुर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पिंडराई गांव के पास से पकड़े गए आरोपी के पास से 15 पाउच में कुल 3 लीटर अवैध देसी शराब और बिक्री के 150 रुपए बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान सतीश कुमार (20) के रूप में हुई है, जो रोहनिया थाना क्षेत्र के रामपुर लठिया का रहने वाला है। बरामद शराब में 10 पाउच विंडीज लाइम (2 लीटर), 2 पाउच बंटी जामुन (0.4 लीटर) और 3 पाउच मिस्टर एप्पल (0.6 लीटर) शामिल हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह आसपास की दुकानों से शराब खरीदकर तय कीमत से ज्यादा दाम पर लुक-छिपकर बेचता था।
फूलपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जितेंद्र यादव, उपनिरीक्षक राम सिंह यादव और कांस्टेबल शशिप्रताप मौर्या शामिल थे।


