काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रांगण में गुरुवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरणविद अनिल सिंह के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में लाल चंदन, सफेद चंदन और रुद्राक्ष सहित विभिन्न औषधीय पौधे लगाए गए।
मुख्य अतिथि कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. बीके मिश्रा और विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ उद्यान अधिकारी अश्वनी कुमार देशवाल, डॉ. प्रकाश अश्वतप्पा व डिप्टी डायरेक्टर अरुण प्रकाश यादव ने पौधरोपण किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
डॉ. बीके मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण जरूरी है और युवाओं को इसमें आगे आना चाहिए। अनिल सिंह ने कहा कि मां के नाम एक पेड़ लगाना प्रकृति की सच्ची सेवा है। कार्यक्रम में उद्यान विभाग के कर्मचारियों सहित कई लोग मौजूद रहे।


