लोलार्क कुंड में 16 और 17 सितंबर को होने वाले स्नान-पूजन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और महिलाओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
लोलार्क कुंड के पुजारी शिवराज उपाध्याय के अनुसार, 16 सितंबर को लोलार्क षष्ठी का पर्व है और पंचमी-षष्ठी की पूजा-अर्चना का क्रम बुधवार रात से शुरू होगा। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्नान व्यवस्था, धूप से बचाव और कपड़े बदलने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
एडीसीपी वैभव ने बताया कि विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बैठक कर संभावित समस्याओं की समीक्षा की गई है। सुरक्षा के लिए 1000 से अधिक पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में, 300 से अधिक महिला पुलिसकर्मी और दो कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से स्नान एवं दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

