वाराणसी में बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक कचरे को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण और रिसाइक्लिंग के लिए निगम ने ‘एडमायबिन’ को अधिकृत किया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य पुराने और खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान को सामान्य कचरे में जाने से रोकना और उसका सही तरीके से निस्तारण कराना है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि अब शहर में घर-घर जाकर ई-वेस्ट एकत्र किया जाएगा। पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण देने वाले नागरिकों और संस्थानों को उनके सामान का उचित मूल्य भी दिया जाएगा। इससे लोगों को ई-वेस्ट अलग रखने और उसे निर्धारित व्यवस्था के तहत देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
यह अभियान सिर्फ घरों तक सीमित नहीं रहेगा। कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, विभिन्न संस्थानों, उद्योगों और बल्क वेस्ट जनरेटरों से भी पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एकत्र किए जाएंगे। नगर निगम की ओर से लोगों को ई-वेस्ट के सही निस्तारण के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता सत्र और संग्रह अभियान भी चलाए जाएंगे।


