जलभराव और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप पर सपाइयों ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, तत्काल राहत की मांग

बरसात के बाद शहर में जलभराव, जाम सीवर-नालियों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं अधिवक्ता राजू यादव ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जलभराव और मच्छर जनित बीमारियां जनता के लिए गंभीर समस्या बन रही हैं।ज्ञापन में जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पंपिंग और जल निकासी की व्यवस्था करने तथा जाम सीवर और नालियों की जेटिंग मशीनों से युद्धस्तर पर सफाई कराने की मांग की गई। इसके साथ ही सभी वार्डों और मोहल्लों में नियमित फॉगिंग, कीटनाशक एवं एंटी-लार्वा दवाओं के छिड़काव के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग रखी गई।

राजू यादव ने कहा कि जलभराव के कारण जगह-जगह गंदा पानी जमा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। उन्होंने सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाओं, जांच सुविधाओं, चिकित्सकों एवं बेड की व्यवस्था तथा प्रभावित क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की।उन्होंने कहा कि वाराणसी विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में स्वच्छता, जल निकासी और जनस्वास्थ्य व्यवस्था को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने स्थायी समाधान के लिए प्रत्येक वार्ड में जिम्मेदार अधिकारियों की नियुक्ति कर नियमित निगरानी की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन देने वालों में हारून अंसारी, शंकर विशनानी, अतुल श्रीवास्तव, विकास यादव बच्चा, रमाकांत जायसवाल, मनोज यादव, संतोष यादव, अंजनी पटेल, सूरज यादव, नीलू भंडारी, विजय वाधवानी, आशीष श्रीवास्तव, शान केशरी, राहुल यादव सहित कई समाजवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post