दिल्ली के दक्षिण दिल्ली स्थित सत्य निकेतन क्षेत्र में हुए दर्दनाक भवन हादसे में घायल लोगों एवं मलबे में फंसे लोगों की सलामती के लिए वाराणसी में विशेष प्रार्थना कार्यक्रम आयोजित किया गया। गिलट बाजार स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में कांग्रेस नेता विकेश सिंह टोनी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और सात बार हनुमान चालीसा का पाठ किया।
हनुमान चालीसा के पाठ के दौरान हादसे में घायल छात्रों एवं अन्य लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा मलबे में फंसे लोगों के सुरक्षित बाहर निकलने की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने संकटमोचन हनुमान जी से प्रार्थना की कि सभी पीड़ितों को इस संकट की घड़ी से उबारें और उनके परिवारों को संबल प्रदान करें।
इस अवसर पर बाबा विश्वनाथ से भी विशेष प्रार्थना की गई। श्रद्धालुओं ने घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने तथा उन्हें सकुशल उनके परिवारों के बीच पहुंचाने की कामना की। साथ ही पीड़ित परिवारों को धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
कांग्रेस नेता विकेश सिंह टोनी ने कहा कि सत्य निकेतन में हुई घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। ऐसे कठिन समय में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए। इसी भावना के साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और सभी की सुरक्षा की प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने संकटमोचन हनुमान जी और बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हुए हादसे से प्रभावित सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति और संबल प्रदान करने की कामना की।


