शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की वाराणसी इकाई की ओर से नई सड़क स्थित शिक्षक भवन में पूर्व महामंत्री, शिक्षाविद् एवं समाजसेवी स्व. पंचानन राय की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुए माध्यमिक एवं संस्कृत शिक्षा जगत के शिक्षकों को माल्यार्पण एवं अंगवस्त्रम् भेंटकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान और समाज निर्माण में निभाई गई भूमिका को याद किया।
सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने कहा कि शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों के सजग प्रहरी स्व. पंचानन राय भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार और सामाजिक योगदान सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शरफुद्दीन ने तथा संचालन जिला मंत्री अखिलेश कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर मंडलीय अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, प्रदेशीय कार्यकारिणी सदस्य विनोद शंकर पाण्डेय, नयन लाल मिश्र समेत बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में जिलाध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त किया।


