आचार्य सीताराम चतुर्वेदी महिला महाविद्यालय, डोमरी में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन तथा आचार्य पं. सीताराम चतुर्वेदी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर छात्राओं ने अपने गुरुजनों का सम्मान किया। छात्राओं ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और खेल प्रतियोगिताओं की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
महाविद्यालय की निदेशक प्रो. कल्पलता पाण्डेय ने कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र का निर्माता होता है। डॉ. राधाकृष्णन का जीवन शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षक अपने ज्ञान से विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा प्रदान करता है।
प्राचार्य प्रो. राम नरेश शर्मा ने कहा कि शिक्षक दिवस गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। छात्राओं में कार्यक्रम को लेकर दिखा उत्साह और समर्पण सराहनीय रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में प्राचार्य ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।


