25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा-श्री राम की’ की स्टार कास्ट शुक्रवार को वाराणसी पहुंची। फिल्म की मुख्य अभिनेत्री एवं सोशल मीडिया सेंसेशन अंजलि अरोड़ा, अभिनेता देव शर्मा और रजनीश दुग्गल ने बाबा काशी विश्वनाथ के दरबार में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया।
माता सीता की भूमिका निभा रहीं अंजलि अरोड़ा ने कहा कि उन्होंने काशी से ही फिल्म का प्रमोशन शुरू किया है। बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर उन्हें बेहद खुशी हुई। वहीं भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे देव शर्मा ने काशी में बाबा का आशीर्वाद लेना अपने लिए दिव्य और खास अनुभव बताया।
फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे रजनीश दुग्गल ने भी बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। वह वाराणसी में जागरण फिल्म फेस्टिवल के दौरान फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचे हैं। स्टार कास्ट के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं में भी उत्साह नजर आया। हर-हर महादेव के जयघोष के बीच लोगों ने कलाकारों का स्वागत किया।
स्टार कास्ट के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अब 25 सितंबर को रिलीज होने जा रही फिल्म को लेकर दर्शकों की नजर रामायण की कहानी और कलाकारों के अभिनय पर टिकी है।


