वाराणसी के अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र में शनिवार को संदिग्ध गतिविधियों के चलते सुरक्षा कर्मियों ने एक मुस्लिम युवक को पकड़ लिया। करीब 11:45 बजे युवक वहां भोजन करने के लिए पहुंचा था। सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास से एक चाकू बरामद होने की सूचना मिली, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक की पहचान शाहिद जमाल के रूप में हुई है। वह मुगलसराय के नया पुलवा का निवासी बताया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले भी यहां भोजन करने आ चुका है। दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने भी युवक से पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, युवक ने बताया कि वह गरीब परिवार से है और आयोजनों में भोजन बनाने के दौरान सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया था। सुरक्षा एजेंसियों ने उससे दोपहर तक पूछताछ की। फिलहाल कोई संदिग्ध बात नहीं मिलने पर उसे छोड़ने की बात कही गई है। घटना के बाद अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।


