प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर वाराणसी में यूथ कांग्रेस ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने वाराणसी के पोस्ट ऑफिस से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर 17 सवालों वाला पत्र रजिस्ट्री के माध्यम से भेजा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपने सांसद से सीधे सवाल किए हैं।
पत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और काशी की मूलभूत समस्याओं से जुड़े कुल 17 सवाल शामिल किए गए हैं। यूथ कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के सांसद हैं, इसलिए स्थानीय समस्याओं को लेकर उनसे जवाब मांगा गया है। जन्मदिन के मौके पर 17 सवालों का पत्र भेजना प्रतीकात्मक रूप से तय किया गया।
इस दौरान यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता विकास सिंह समेत कई कार्यकर्ता और अधिवक्ता मौजूद रहे। विकास सिंह ने कहा कि पत्र राजनीतिक बयानबाजी से ज्यादा काशी की जनता की समस्याओं से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री से इन सवालों के जवाब की उम्मीद है और जवाब नहीं मिलने पर आगे भी कार्यक्रम किए जाएंगे।


