नशामुक्त युवा-विकसित भारत के संकल्प के साथ निकली भव्य साइकिल यात्रा

प्रधानमंत्री के राष्ट्रीय आह्वान के तहत ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत के लिए संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय से भव्य साइकिल यात्रा निकाली गई। हेरिटेज बिल्डिंग स्थित मुख्य भवन से निकली यात्रा को कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, युवाओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति के शरीर और मन के साथ परिवार, समाज और राष्ट्र की शक्ति को भी प्रभावित करता है। नशामुक्त और संस्कारवान युवा ही विकसित भारत की वास्तविक शक्ति हैं। युवाओं की ऊर्जा को ज्ञान, खेल, सृजन और सेवा की दिशा में लगाकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण को प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

छात्र कल्याण संकाय प्रमुख एवं यात्रा संयोजक प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवा शक्ति के सामने गंभीर चुनौती है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जेन-जी की तकनीकी क्षमता और रचनात्मक ऊर्जा को शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाया जाना चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और भारत माता के जयघोष के साथ हुई। इसके बाद सैकड़ों साइकिल सवार युवा लहुराबीर आजाद पार्क, मैदागिन चौराहा, पटेल धर्मशाला और तेलियाबाग होते हुए पुनः मुख्य भवन की ओर रवाना हुए। युवाओं के हाथों में ‘नशा मुक्त भारत’, ‘युवा जागो, नशा भागो’ और ‘नशा मुक्त भारत–स्वस्थ भारत’ जैसे संदेशों वाली तख्तियां और बैनर रहे।

अभियान के तहत युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कर डिजिटल प्रमाण-पत्र भी प्राप्त किए। आयोजकों के अनुसार यह 100 सप्ताह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत है। इस दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगोष्ठियों और अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


कार्यक्रम में कुलानुशासक प्रो. जितेन्द्र कुमार, प्रो. रमेश प्रसाद, प्रो. विधु द्विवेदी, प्रो. दिनेश कुमार गर्ग, डॉ. मधुसूदन मिश्र, डॉ. विजेन्द्र कुमार, डॉ. नितिन कुमार, डॉ. दुर्गेश पाठक सहित शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post