मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस की ओर से गुरुवार को मैदागिन स्थित पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा से लहुराबीर स्थित आजाद पार्क तक पदयात्रा निकाली गई। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ‘ज्ञानेश हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारे लगाए।
कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और विसंगतियों का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की और लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं मताधिकार की रक्षा का आह्वान किया। देश के विभिन्न हिस्सों में भी इसी मांग को लेकर विपक्षी दलों की ओर से प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
पदयात्रा मैदागिन से शुरू होकर लहुराबीर स्थित आजाद पार्क पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।


