बारिश के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा काशी पहुंचे। दोनों मुख्यमंत्रियों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्रियों के काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष के साथ उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्रियों के आगमन को लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रही। सुरक्षा कर्मियों ने मंदिर परिसर और आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती। वहीं, बारिश के बावजूद बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह बना रहा। काशी का माहौल हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय नजर आया।


