वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने मंगलसूत्र छिनैती के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र और लॉकेट बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक सोनकर उर्फ दीपू (23) निवासी भवानीपुर, थाना शिवपुर, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 9 के काशी साइड आउटर पर एससी-एसटी छात्रावास के सामने रेलवे लाइन के किनारे बने सिग्नल बॉक्स के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक मंगलसूत्र लॉकेट सहित बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने शिवपुर स्टेशन से एक ट्रेन में महिला के गले से मंगलसूत्र छीना था। जांच के दौरान इस मामले में जीआरपी कैंट थाने में पहले से मुकदमा संख्या 323/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत दर्ज होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी को 13 अक्टूबर को करीब सुबह 11:55 बजे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में जीआरपी कैंट थाना प्रभारी रजोल नागर, उपनिरीक्षक राम नारायण शुक्ला, सीआईबी और आरपीएफ के जवानों सहित संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।


