वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। शुक्रवार को मिर्जामुराद के खोचवा हेलीपैड पर वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने अभ्यास किया। इस दौरान हेलीकॉप्टर को जमीन के करीब लाकर दोबारा उड़ान भरने की प्रक्रिया अपनाई गई। अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री वाराणसी पहुंचकर अरविंद टेक्सटाइल इकाई का उद्घाटन करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए प्रशासन ने हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक की व्यवस्थाओं पर काम तेज कर दिया है। कुल पांच हेलीपैड तैयार किए गए हैं। इनमें तीन प्रधानमंत्री के लिए और दो मुख्यमंत्री व अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित हैं।
दौरे के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे अधिकारियों ने इंतजामों का निरीक्षण किया। मौके पर एसडीएम राजातालाब शांतुन कुमार सिनसिनवार, एसीपी राजातालाब वीर सिंह समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।


