वाराणसी में 25 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नमो घाट पर आयोजन को लेकर एयरफोर्स और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। टीम ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं के साथ हेलिपैड का भी जायजा लिया और उसकी मजबूती की जांच की।
एयर शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ करीब 5600 अतिथियों के शामिल होने की तैयारी है। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए नमो घाट पर आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर काम किया जा रहा है। आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए दो नए रास्ते भी तैयार किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। एयर शो के दौरान भीड़ और वीआईपी आवागमन को देखते हुए प्रवेश, निकास, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों को व्यवस्थित किया जा रहा है। प्रशासन आयोजन से पहले सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।


