चितईपुर थाना क्षेत्र में महिला से चेन स्नैचिंग की घटना का पुलिस ने महज एक दिन में खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब 16.5 ग्राम की पीली धातु की चेन और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर की सुबह करीब 5:45 बजे राजेंद्र विहार कॉलोनी में जयन्ती देवी अपने पति डॉ. सुधीर राम पटेल के साथ जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और गले से चेन छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों व वाहनों की जांच शुरू की। 3 अक्टूबर को सुंदरपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आदित्य कुमार मिश्रा पुलिस एवं क्राइम टीम के साथ भिखारीपुर चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को डीएलडब्ल्यू की ओर जाने वाली रेलवे लाइन के पास गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिन्स राजभर (19), किशन लाल गुप्ता (20), कृष्णा (22) और चन्दन (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 16.5 ग्राम की पीली धातु की चेन और वारदात में प्रयुक्त नीला-काला रंग की पल्सर बाइक बरामद की।कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक आदित्य कुमार मिश्रा, अवनीश कुमार, रवि चौहान, जितेन्द्र कुमार, विवेक सिंह समेत चितईपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार, टीम की तत्परता और सीसीटीवी फुटेज की मदद से घटना का शीघ्र अनावरण संभव हुआ।


