कोलकाता से रवाना हुआ ‘गंगा विलास’ क्रूज गाजीपुर के रास्ते वाराणसी पहुंच गया है। क्रूज पर सवार करीब 30 पर्यटक काशी की धार्मिक परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू होंगे। जर्मनी और स्विट्जरलैंड समेत कई देशों के पर्यटक इस यात्रा का हिस्सा हैं। उनके आगमन को देखते हुए शहर में भ्रमण की तैयारियां की गई हैं।
काशी में तीन रात और दो दिन के प्रवास के दौरान पर्यटक बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके अलावा सारनाथ की ऐतिहासिक धरोहरों को देखने और दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल होने का कार्यक्रम है। क्रूज संचालित करने वाली कंपनी हेरिटेज रिवर जर्नीज के चेयरमैन राज सिंह के मुताबिक, पर्यटकों को काशी के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
‘गंगा विलास’ इससे पहले जनवरी 2023 में वाराणसी से अपनी यात्रा पर रवाना हुआ था। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से क्रूज को हरी झंडी दिखाई थी। इसका मार्ग गंगा, भागीरथी, हुगली और ब्रह्मपुत्र जैसी नदियों से होकर गुजरता है। इस यात्रा के दौरान पर्यटकों को भारत और बांग्लादेश के नदी तटों पर बसे शहरों, ऐतिहासिक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने का अवसर मिलता है।


