काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नमामि गंगे की ओर से विशेष पहल की गई। बुधवार को दशाश्वमेध वार्ड 96 में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को कपड़े के थैले बांटे गए। इस पहल के जरिए लोगों को दैनिक जरूरतों में प्लास्टिक के विकल्प अपनाने और गंगा को स्वच्छ रखने के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने लोगों से खरीदारी के दौरान कपड़े या जूट के बैग इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने प्लास्टिक की बोतलों और बर्तनों के स्थान पर दोबारा उपयोग किए जा सकने वाले विकल्प अपनाने पर जोर दिया। अभियान का उद्देश्य धार्मिक स्थलों पर कचरा कम करने के साथ श्रद्धालुओं के बीच पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा।
Tags
Trending


