बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में चल रही 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हो गया। तीन दिन तक चले मुकाबलों में पश्चिम रेलवे के पहलवानों का दबदबा रहा। पश्चिम रेलवे ने ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। उत्तर रेलवे दूसरे और उत्तर पश्चिम रेलवे तीसरे स्थान पर रहा। मेजबान बरेका के पहलवानों ने भी प्रतियोगिता में तीन रजत और दो कांस्य पदक जीते।
अंतिम दिन अलग-अलग भार वर्गों में पहलवानों के बीच कड़े मुकाबले हुए। फ्री स्टाइल के 97 किलोग्राम वर्ग में पश्चिम रेलवे के प्रवीण कुमार ने स्वर्ण और आरपीएफ के हरदीप सिंह ने रजत पदक जीता। 74 किलोग्राम वर्ग में पश्चिम रेलवे के सौरभ सहरावत स्वर्ण पदक विजेता रहे, जबकि उत्तर रेलवे के यश ने रजत हासिल किया। ग्रीको रोमन के 82 किलोग्राम वर्ग में उत्तर मध्य रेलवे के अमन ने स्वर्ण और पश्चिम रेलवे के रोहित दहिया ने रजत पदक जीता। 63 किलोग्राम वर्ग में उत्तर पश्चिम रेलवे के संदीप ने स्वर्ण और पश्चिम रेलवे के रुपिन ने रजत पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में भारतीय रेल की 13 टीमों के पहलवानों ने हिस्सा लिया और फ्री स्टाइल व ग्रीको रोमन की कुल 20 भार श्रेणियों में मुकाबले हुए। समापन समारोह में बरेका महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विजेता टीमों और पदक विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और खेल भावना की सराहना की। समारोह में बरेका के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक, रेलवे टीमों के खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।


