वाराणसी। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र व प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और आसपास के वातावरण को साफ रखने का संकल्प लिया गया।
इसी क्रम में अधिकारी विश्राम गृह परिसर स्थित अमृत कानन उद्यान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधारोपण किया गया। महाप्रबंधक समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाए और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। वहीं स्वच्छता पखवाड़े के तहत गोल्फ कोर्स से प्रशासन भवन तक जागरूकता रैली भी निकाली गई। प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेकशील ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में रेलकर्मियों, आरपीएफ जवानों, स्काउट्स एवं गाइड्स, नागरिक सुरक्षा संगठन, सेंट जॉन्स एंबुलेंस ब्रिगेड और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
रैली सूर्य सरोवर, बैंक ऑफ बड़ौदा और बरेका चिकित्सालय होते हुए प्रशासन भवन पहुंची। प्रतिभागियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों और संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रमों के माध्यम से बरेका की ओर से स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। इस दौरान बरेका के कई वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।


