मुंबई में धमकी भरे ईमेल से हड़कंप, अमिताभ बच्चन के बंगले और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी

मुंबई। मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और अन्य अधिकारियों को धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया है। ईमेल में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाका करने की धमकी दी गई है। इसके अलावा मुंबई के एक स्कूल और महापौर कार्यालय में भी धमाके की चेतावनी दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर को भेजे गए ईमेल में मुंबई मेयर कार्यालय में रात 3:11 बजे धमाका करने की धमकी दी गई। इसमें 31 अक्टूबर को मुंबई के एक स्कूल में ग्रेनेड हमला करने और 27 नवंबर 2026 को महालक्ष्मी रेस कोर्स में बम धमाका करने की बात कही गई है। इसी स्थान पर दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट आयोजित होने वाला है। ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे का भी उल्लेख किया गया है।

डीसीपी मनीष कलवानिया के मुताबिक, बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को धमकी भरा ईमेल मिला था। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। वहीं, दादर के कुछ स्कूलों को भी धमकियां मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ईमेल की सत्यता, उसे भेजने वाले की पहचान और धमकी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले 20 मार्च को मुंबई प्रेस क्लब को भी धमकी भरा ईमेल मिला था। उसमें इमारत के भीतर जहरीली गैस वाले 42 विस्फोटक उपकरण लगाए जाने का दावा किया गया था। उस ईमेल में दोपहर एक बजे धमाके की चेतावनी दी गई थी। मौजूदा मामले में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Ktv News Varanasi

Greeting from KTV Channel, Varanasi Leading News and Social content Provider

Post a Comment

Previous Post Next Post