वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में महामृत्युंजय मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास टोटो की बढ़ती संख्या से जाम की समस्या गंभीर हो गई है। संकरी गलियों में ई-रिक्शा खड़े रहने के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासी संदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि इलाके में टोटो संचालन को लेकर कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है, जिससे गलियों में दिनभर वाहनों की भीड़ लगी रहती है।
संदीप मिश्रा ने पुलिस और टोटो चालकों के बीच कथित मिलीभगत का आरोप लगाते हुए प्रति टोटो 300 रुपये की अवैध वसूली किए जाने का दावा किया है। उनका कहना है कि रकम देने के बाद चालकों को गलियों में वाहन खड़े करने और संचालन की छूट मिल जाती है। हालांकि, इस वसूली के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। टोटो की वजह से स्थानीय निवासियों के साथ मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और कोतवाली पुलिस से मामले की जांच कर कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की है। इसके साथ ही लोगों ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और महामृत्युंजय मंदिर के आसपास 500 मीटर के दायरे में टोटो के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई है, ताकि गलियों में जाम की समस्या से राहत मिल सके।


